बहराइच : बकरा ईद का त्योहार कुर्बानी के लिए जाना जाता है. ये त्योहार अल्लाह के प्रति गहरे विश्वास और त्याग का प्रतीक है. इन दिन मुस्लिम समुदाय के लोग अपनी हैसियत के हिसाब से बकरे या भेड़ की कुर्बानी कराते हैं. कुर्बानी के जानवरों को कुछ लोग छोटे से पालते हैं तो कुछ लोग बकरा ईद के कुछ दिन पहले खरीद कर ले आते हैं. यूपी स्थित बहराइच जिले के मोहल्ला काजीपुरा के रहने वाले हबीबउल्ला ने भी कुर्बानी के लिए बकरा खरीदा था, लेकिन दो दिन पहले उसके साथ कुछ ऐसा हुआ कि पुलिस से शिकायत करनी पड़ी.
बात ऐसी है कि हबीबउल्ला ने कुर्बानी के लिए 18,500 रुपये की कीमत का एक बकरा खरीदा था, जिसकी सेवा पूरा घर मिलकर कर रहा था. दिनभर दाना-पानी देने के बाद रात को गेट की कुंडी से बकरे को बांध दिया जाता. 3 जून की रात को भी बकरे को उसी तरह बांधकर परिवार सोने चला गया. हबीबउल्ला ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे छोटा भाई जगा तो देखा दरवाजे पर बकरा नहीं था. उसने घर के लोगों को जगाया और बकरे की खोज शुरू हुई. इधर-उधर खूब ढूंढा गया लेकिन वो कहीं नहीं दिखा.
दूसरे दिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो होश उड़ गए. दूर एक सर्राफा व्यापारी के सीसीटीवी कैमरे में पड़ोस का ही एक शख्स बकरे को ले जाता हुआ दिखाई दिया. घर वालों ने जब उससे पूछताछ की तो उसने बकरा ले जाने से साफ इनकार कर दिया. हैरान करने वाली बात ये थी कि उसी सीसीटीवी फुटेज में उसे एक शख्स रोककर बकरे के बारे में पूछता दिख रहा है. पीड़ित परिवार से उस व्यक्ति ने आरोपी को बकरे ले जाते हुए देखने की पुष्टि की है. इसके बाद हबीबउल्ला ने नजदीकी थाने में सूचना देकर बकरे की बरामदगी की मांग की है. बकरा चोरी करने वाला शख्स फिलहाल घर से फरार है.











Discussion about this post