बागपत : बकरीद के दिन जब पूरे देश में खुशियां मन रही थीं, उस दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित बिलोचपुरा गांव गम में डूबा था. यहां 2 सगे भाई रेहान और परवेज के साथ जो हुआ, उसने पूरे गांव में हड़कंप मचा कर रख दिया. दरअसल यहां रेहान और परवेज, दोनों भाइयों की मौत हो गई. पहले एक भाई ने दम तोड़ा और उसके अगले दिन दूसरे भाई ने दम तोड़ दिया.
परिजनों और ग्रामीणों की माने तो दोनों भाई रिहान और परवेज़ गांव के रहने वाले एक ठेकेदार के साथ रोजी रोटी के लिए मुंबई गए थे. बताया गया था कि वहां मोबाइल टावर का काम है. गांव से जाते समय दोनों भाई ठीक थे. दोनों को कोई परेशानी नहीं थी.
परिजनों ने बताया, बकरीद के मौके पर दोनों भाई मुंबई से अपने गांव के लिए निकले थे. दोनों घर आए. मगर यहां आते ही अचानक बीमार पड़ गए. परिवार वालों ने दोनों का इलाज भी करवाया. मगर कोई फायदा नहीं हुआ. पहले रिहान की मौत हुई और फिर अगले दिन उसके भाई परवेज ने भी दम तोड़ दिया.
मृतकों के परिजनों ने ठेकेदार पर भी आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि ठेकेदार ने भी दोनों का इलाज नहीं करवाया. फिलहाल दोनों की मौत कैसे हुई? इसका जवाब किसी के पास नहीं है. परिवार ने एक का शव को दफना दिया है, लेकिन वह दूसरे शव का पोस्टमॉर्टम करवाना चाहता है. फिलहाल पूरे गांव में गम का माहौल है.











Discussion about this post