बुलंदशहर : सोशल मीडिया पर शुक्रवार को एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें एक मां दो बच्चों को चप्पलों से पीटते हुए और जमीन पर फेंक कर मारते हुए नजर आ रही है। साथ ही वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से भी अभद्रता कर रही है। वीडियो वायरल होने के बाद बुलंदशहर देहात कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम आदि पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। करीब 1.08 मिनट के वायरल वीडियो में एक महिला दो बच्चों को चप्पल और चांटों से बुरी तरह पीटते हुए दिखाई दे रही है। महिला गालियां देते हुए दोनों बच्चों पर लगातार चप्पल बरसाती है।
वीडियो बनाने वाले शख्स को गालियां देते हुए भी बच्चों की पिटाई की जा रही है। पिटाई के चलते दोनों बच्चे बुरी तरह डरे-सहमे हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन महिला उन्हें पीटती रहती है। यही नहीं वीडियो के अंत में महिला द्वारा दोनों बच्चों को चारपाई से उठाकर जमीन पर पटक दिया जाता है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में रोष नजर आ रहा है। यह वायरल वीडियो कोतवाली देहात के गांव एत्मादसराय का बताया जा रहा है। देहात पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। देहात कोतवाल नीरज मलिक ने बताया कि वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post