मुज़फ़्फ़रनगर : मुजफ्फरनगर के बुढाना में बीती रात कांधला रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। ये हादसा उस समय हुआ, जब कार सवार व्यक्ति बुढाना से कांधला की ओर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सड़क पर चलती इस स्विफ्ट कार में शॉर्ट सर्किट के कारण इंजिन में भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कार धूं-धूं कर जलने लगी। गाड़ी में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार से कूदकर अपनी जान बचाई। यह कार पेट्रोल और सीएनजी से संचालित थी, जिसके कारण आग लगने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की और कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। घटना की सूचना बुढाना पुलिस को दी गई। ग़नीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार को काफी नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। इस घटना ने वाहन चालकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।











Discussion about this post