मैनपुरी : परिवार में हो रही लगातार आत्महत्याओं से कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। मृतक के भाई गजेंद्र ने थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम सकत में शनिवार को एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना से परिवार में मातम छा गया है। वहीं, गांव में तरह-तरह की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। पिछले 5 वर्षों में इस परिवार में यह 7वीं आत्महत्या है।
वाकये के अनुसार 18 वर्षीय जितेंद्र पुत्र रामबरन शनिवार सुबह लगभग 10 बजे जामुन खाने जाने की बात कहकर अपनी बहन का दुपट्टा लेकर घर से निकला था। जब काफी देर तक वह वापस नहीं आया तो पिता रामबरन ने तलाश शुरू की। दोपहर करीब 2 बजे ग्राम दहेड की सीमा में कुलाबे के किनारे सतेंद्र के खेत में खड़े एक कंज के पेड़ पर जितेंद्र का शव फंदे से लटका मिला। बेटे को फंदे पर लटका देख पिता रामबरन की चीख निकल गई, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर आई। शव को फंदे से उतारकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल पर फोरेंसिक विभाग की टीम ने भी पहुंचकर आवश्यक नमूने इकट्ठे किए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिवार में हो रही लगातार आत्महत्याओं से कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। मृतक के भाई गजेंद्र ने थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इस घटना ने परिवार में पिछले कुछ वर्षों से चली आ रही रहस्यमय मौतों के सिलसिले को और गहरा दिया है। मृतक जितेंद्र के चाचा बलवंत ने ठीक 21 दिन पहले ही फंदे से लटककर आत्महत्या की थी। वहीं, जितेंद्र की सगी बहन सौम्या ने भी चार महीने पहले घर पर ही फंदे से लटककर जान दे दी थी। मृतक के चचेरे बाबा शेर सिंह ने भी करीब साढ़े चार महीने पहले फांसी लगाकर आत्महत्या की थी।
जितेंद्र के चाचा संजू की 10 साल पहले जहर खाने से मौत हुई थी। दूसरे चाचा पिंटू ने करीब 8 साल पहले आग लगाकर जान दी थी। चाचा मनीष ने 5 साल पहले फंदे से लटककर आत्महत्या की थी। अब, सबसे छोटे चाचा बलवंत के बाद जितेंद्र की आत्महत्या ने इस परिवार में पिछले एक दशक में हुई मौतों की संख्या को नौ तक पहुंचा दिया है।
बेवर इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन ने अभी किसी पर आरोप नहीं लगाया है। पीएम रिपोर्ट आने पर मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। पुलिस सभी घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है ताकि इन मौतों के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।











Discussion about this post