अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी में शुक्रवार रात एक शादी समारोह में दूल्हे की पत्नी ने चारपाई मांगी तो उसके ससुर भड़क गए। उन्होंने अपनी बेटी को विदा करने से मना कर दिया। हैरान दूल्हे पक्ष के लोगों ने समझौता कराने की कोशिश की। जब मामला नहीं सुलझा तो दूल्हे पक्ष के लोग थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मामला बाजार शुकुल क्षेत्र के जौदिल मऊ गांव का है। गांव निवासी सोहनलाल रैदास की बेटी निशा की शादी भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के शादीपुर गांव निवासी तिलक राम से तय हुई थी। शुक्रवार को धूमधाम के साथ बरात गांव पहुंची। घरातियों ने बरातियों का स्वागत किया। द्वारपूजा समेत सभी वैवाहिक रस्में मंगल गीतों के बीच संपन्न हुईं।
शनिवार की सुबह विवाह की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा तिलकराम ने ससुर से कुछ देर आराम करने के लिए चारपाई मांगी। इस पर ससुर सोहनलाल नाराज हो गए। मामूली सी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सोहनलाल ने बेटी की विदाई करने से इंकार कर दिया। रिश्तेदारों ने मामले को शांत कराने और विदाई करवाने की भरसक कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
आखिरकार दूल्हे के पिता रामगुलाम ने 112 पर कॉल करके पुलिस से मदद मांगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने की कोशिश की। मगर, लड़की के पिता अपने फैसले पर अड़े रहे। विदाई न होने पर दूल्हा और बराती बिना दुल्हन के थाने पहुंच गए। दूल्हे के पिता ने थाने में प्रार्थनापत्र दिया। थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मौके पर भेजी गई है। जांच करके आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post