खतौली। प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर हुई मौत से गुस्साए परिजनों ने महिला चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए परिजनों को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
जानकारी के अनुसार मंसूरपुर निवासी महिला रीता पत्नी अनुज को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने बीते बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निकट स्थित एक महिला चिकित्सक के प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। बताया गया कि बुधवार को बड़े ऑपरेशन द्वारा बच्ची को जन्म देने के बाद रीता की हालत बिगड़ गई।
आरोप है कि गुरुवार को हालत ज्यादा बिगड़ने पर महिला चिकित्सक ने परिजनों को बिना बताए रीता को मेरठ रैफर कर दिया। बताया गया कि मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान रीता 26 वर्ष ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने गुरुवार को ही रीता के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। रीता की मौत इलाज में लापरवाही से होने के पता चलने पर गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ शुक्रवार देर रात को महिला चिकित्सक के नर्सिंग होम पर पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। जिसके बाद परिजन महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्यवाही की मांग करते हुए नर्सिंग होम के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने मृतका के परिजन से तहरीर लेकर मामले जांच पड़ताल शुरू कर दी है। देर रात तक परिजन नर्सिंग होम के बाहर धरने पर बैठे हुए थे।










Discussion about this post