शामली। थानाभवन के गगन हॉस्पिटल में पित्त की थैली में पथरी के ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा किया।आरोप है कि चिकित्सक व स्टाफ अस्पताल से गायब हो गए।
परिजनों के साथ भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। मृतका के पति देशराज की तहरीर पर हॉस्पिटल संचालक अबरार, उसकी पत्नी और दो अन्य चिकित्सकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पति ने किडनी निकालने के चक्कर में पत्नी की मौत होने का आरोप लगाया है।
जिला मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के गांव जौला निवासी सोनिया पत्नी देशराज को गगन हॉस्पिटल में रविवार को ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया गया था। रात में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मौत की जानकारी दिए बिना चिकित्सक वहां से भाग गए। देर रात जब महिला की मौत होने का पता चला तो परिजनों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि चिकित्सकों ने ऑपरेशन से पहले न कोई जांच की और न ही किसी कागज पर परिजनों की सहमति ली।
सोमवार को भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष प्रभात कुमार कार्यकर्ताओं और परिजनों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों की लापरवाही के कारण महिला की मौत होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। उन्होंने डीएम के नाम एसडीएम हामिद हुसैन को प्रार्थना पत्र सौंपा। एसडीएम ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
महिला की मौत के मामले की जानकारी मिलने पर पंजीयन नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार जांच करने पहुंचे तो हॉस्पिटल के गेट पर ताला लगा मिला। डॉ. अश्वनी ने बताया कि हॉस्पिटल पंजीकृत है। जिसे आईपीडी, ओपीडी व अन्य डे केयर सेवाएं देने के लिए अधिकृत किया गया है। हॉस्पिटल में ऑपरेशन करने के लिए कोई सर्जन नियुक्त नहीं है और न ही कोई चिकित्सक सर्जरी के लिए अधिकृत है। हॉस्पिटल के संचालक मो. अबरार और सेवा प्रदाता चिकित्सक डॉ. अरीब अली सिद्दीकी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्ट करने को कहा गया है। मृतका के ऑपरेशन में लापरवाही किसके द्वारा की गई और बिना अधिकृत चिकित्सक ऑपरेशन क्यों किया गया।
मृतका सोनिया के पति देशराज ने कलक्ट्रेट में रोते हुए कहा कि उसकी पत्नी ठीक हालत में थी। आशा का काम करने के कारण अबरार से पत्नी की जान पहचान हो गई थी। सोनिया ने फोन पर अबरार से पथरी के ऑपरेशन के लिए सलाह ली थी। अबरार ने रविवार को ऑपरेशन के लिए बुलवाया था। उसने अपने लड़के के साथ पत्नी को भेज दिया था। जब आठ बजे ऑपरेशन के लिए कहा गया तो लड़के ने अपने पिता के आने के बाद ऑपरेशन करने को कहा, लेकिन अपनी मर्जी से ऑपरेशन कर दिया।
पति ने कहा कि उसे कुछ नहीं चाहिए, आरोपी डाक्टर गिरफ्तार होने चाहिए। उसने चेतावनी दी कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह भी पत्नी के शव के साथ आत्मदाह कर लेगा। देशराज ने बताया उसके चार बच्चे हैं और उसके एक पैर का ऑपरेशन हो चुका है, जिसमें रॉड पड़ी है, जिस कारण वह ठीक से चल नहीं पाता।
पति का आरोप है कि उसे शक है कि उसकी पत्नी की किडनी निकालने की कोशिश की गई, जिस कारण उसकी पत्नी की मौत हो गई। इसीलिए डॉक्टर और स्टाफ बिना कुछ बताए भाग गया।











Discussion about this post