शामली। शामली जिले में ईंट भट्ठा मालिक द्वारा मजदूरी का भुगतान न करने और मशीनरी जब्त करने के आरोप को लेकर दर्जनों मजदूरों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। मजदूरों ने भट्ठा मालिक पर करीब 15 लाख रुपये की मजदूरी का भुगतान न करने और उनकी जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त करने का आरोप लगाया है।
गुरुवार को गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के ग्राम मानक माजरा निवासी संदीप कुमार अपने पांच अन्य साथियों के साथ डीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे थानाभवन थाना क्षेत्र के गांव मसावी स्थित वैष्णव ब्रिक्स फील्ड नामक ईंट भट्टे पर करीब एक वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पीड़ितों का आरोप है कि भट्टा मालिक ने बार-बार मांगने के बावजूद उनकी मजदूरी नहीं दी और अब तक करीब 15 लाख रुपये बकाया हैं। जब मजदूरों ने पैसे की मांग की तो मालिक ने उनकी जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त कर ली। इतना ही नहीं, मजदूरों के रहने के क्वाटर्स की छतें भी तुड़वा दी गईं, जिससे वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
मजदूरों ने बताया कि उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे वे डरे हुए हैं और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।











Discussion about this post