कैराना। क्षेत्रवासियों के लिए राहत की खबर है। यमुना नदी का जलस्तर 105 सेमी कम हो गया है, जिससे तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा फिलहाल टल गया है। हथिनीकुंड बैराज से बुधवार सुबह आठ बजे 21,275 क्यूसेक पानी यमुना में प्रवाहित किया गया। जलस्तर में गिरावट आने से ग्रामीणों ने चैन की सांस ली है।
बीते मंगलवार को यमुना का जलस्तर 230.500 मीटर पहुंच गया था, जो चेतावनी बिंदु के काफी करीब था। इससे क्षेत्र के तटवर्ती गांवों में दहशत का माहौल बन गया था। बुधवार को यमुना का बहाव घटकर 229.450 मीटर पर आ गया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।
ड्रेनेज विभाग के अवर अभियंता आशु कुमार ने जानकारी दी कि यमुना में छोड़े जा रहे पानी की मात्रा में कमी आई है। बुधवार सुबह हथिनीकुंड बैराज से अधिकतम 21,275 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान जलस्तर पूरी तरह से नियंत्रण में है और फिलहाल किसी खतरे की आशंका नहीं है।
यमुना के घटते जलस्तर से तटवर्ती बस्तियों में राहत का माहौल है। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और संबंधित विभाग अलर्ट मोड पर हैं।











Discussion about this post