मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में एक प्रेमी युगल को अपने परिजनों से जान का खतरा है। इसी डर से दोनों ने बीती रात नई मंडी थाने पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। प्रेमी-प्रेमिका ने कहा कि न सिर्फ उन्हें अपने परिजनों से जान का खतरा है, बल्कि उन्हें झूठे मामलों में भी फंसाया जा सकता है। प्रेमी युगल ने थाने में अपनी शादी के कागजात और सबूत पेश किए, ताकि उनके बयान की पुष्टि हो सके।
प्रेमी युगल ने बताया कि उन्होंने इसी साल 14 फरवरी ‘वेलेंटाइन डे’ के दिन शादी की थी। दोनों ने गाजियाबाद में पहले आर्य समाज मंदिर में शादी रचाई और इसके बाद गाजियाबाद के मैरिज रजिस्ट्रार कार्यालय में अपनी शादी को रजिस्टर्ड करवाया। थाने में उन्होंने आर्य समाज मंदिर और कोर्ट मैरिज के सर्टिफिकेट भी प्रस्तुत किए। प्रेमी शहर के अबूपुरा का रहने वाला है, जबकि प्रेमिका पटेल नगर की निवासी है।
युवक और युवती ने पुलिस को बताया कि उनकी लव मैरिज से उनके परिजन नाराज हैं और उन्हें स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। उन्हें डर है कि परिवार वाले उनकी जान ले सकते हैं या उन्हें किसी झूठे केस में फंसा सकते हैं। अपनी सुरक्षा के लिए दोनों ने थाने का रुख किया और पुलिस से मदद मांगी।
यह पूरा मामला मुजफ्फरनगर की नई मंडी कोतवाली का है। पुलिस ने प्रेमी युगल की शिकायत पर संज्ञान लिया है और उनके दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। अब यह देखना बाकी है कि पुलिस इस जोड़े को सुरक्षा प्रदान करने के लिए क्या कदम उठाती है और उनके परिजनों की ओर से उत्पन्न खतरे को कैसे टाला जाता है।










Discussion about this post