मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के पचेंडा गांव में बीती रात घरेलू विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस घटना में मामला सुलझाने पहुंचे रिश्तेदारों पर घर में बंद करके लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमले में एक महिला समेत चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
घायल रिश्तेदारों में शामिल मेघाखेड़ी निवासी मुराद ने बताया कि उनकी ममेरी बहन की शादी पचेंडा निवासी खुशनसीब से हुई थी। शादी के बाद पता चला कि खुशनसीब आपराधिक प्रवृत्ति का है और गोकशी जैसे गैरकानूनी कार्यों में लिप्त रहता है। मुराद के मुताबिक, बहन ने जब इसका विरोध शुरू किया तो खुशनसीब ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी मसले को सुलझाने के लिए परिवार के लोग समझौते के इरादे से पचेंडा पहुंचे थे। लेकिन बातचीत के बजाय उन पर हमला कर दिया गया।
मुराद ने बताया कि समझौता करने आए हम सभी को पहले घर में बंद कर दिया गया। इसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर हमला बोला गया। इस हिंसक घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में शामिल एक महिला भी है, जिसे गंभीर चोटें आई हैं। हमले की सूचना पर नई मंडी कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने घटनास्थल से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत नाजुक देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। बाकी तीन घायलों का इलाज ज़िला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में छानबीन कर रही है।










Discussion about this post