मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के कूकड़ा-कुकड़ी रोड स्थित 150 साल पुराने ऐतिहासिक शिव मंदिर में तोड़फोड़ की शर्मनाक घटना सामने आई है। असामाजिक तत्वों ने मंदिर परिसर में स्थापित शिवलिंग को खंडित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और आक्रोश जताया।
स्थिति तनावपूर्ण होते देख नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि खंडित शिवलिंग की जल्द पुनः स्थापना कराई जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस संवेदनशील मामले में पूरी सतर्कता बरती जा रही है और किसी भी तरह की शांति भंग नहीं होने दी जाएगी। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
ग्रामीणों की मांग है कि मंदिर में तोड़फोड़ करने वालों को उदाहरणात्मक सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई धार्मिक स्थल को अपवित्र करने की हिम्मत न करे।
यह मंदिर स्थानीय आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। इस घटना से लोगों की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं।










Discussion about this post