नई दिल्ली। भारत सरकार ने साल 2019 में एक बेहद ही शानदार योजना की शुरुआत की थी। इस स्कीम का नाम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना है। इस योजना का उद्देश्य किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार करना है। केंद्र सरकार इस योजना के जरिए देश के छोटे और सीमांत किसानों के खाते में सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता 3 किस्तों के रूप में भेजती है।
इस योजना का लाभ पाकर किसान खेती किसानी से जुड़ी छोटी मोटी जरूरतें जैसे बीज, खाद, सिंचाई में आने वाले खर्चे की पूर्ति कर सकते हैं। पीएम किसान सम्मान निधि योजना देश के कृषि क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ देशभर में करोड़ों किसान ले रहे हैं।
अब तक भारत सरकार पीएम किसान सम्मान निधि योजना की कुल 19 किस्तें किसानों के खाते में भेज चुकी है। 19वीं किस्त फरवरी माह में जारी की गई थी। 19वीं किस्त को जारी हुए 4 महीनों से ज्यादा का समय हो चुका है।
इस कारण देशभर में करोड़ों किसान अब 20वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि इस योजना की 20वीं किस्त सरकार इसी जुलाई महीने में 18 तारीख को जारी कर सकती है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के मोतीहारी का दौरा करने जा सकते हैं।
वहीं सरकार ने अभी तक 20वीं किस्त जारी करने की तारीख का आधिकारिक एलान नहीं किया है। इस योजना की 20वीं किस्त कब आएगी इसकी तारीख का जल्द एलान सरकार द्वारा किया जा सकता है।
अगर आप पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त पाना चाहते हैं, तो आपको जल्द से जल्द स्कीम में ई-केवाईसी और भूलेखों का सत्यापन करा लेना चाहिए। इसके अलावा जिन किसानों ने योजना में आवेदन करते समय गलत जानकारी दर्ज की थी उन्हें भी अपनी इस गलती को ठीक करा लेना चाहिए।











Discussion about this post