मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया के समर्थन में कड़ा बयान जारी किया है। सिसौली स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए टिकैत ने सीएमओ पर उठे हालिया विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
छुट्टी पर पत्नी से मिलना अपराध नहीं-
नरेश टिकैत ने डॉ. तेवतिया को कर्मठ और अनुशासन प्रिय अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके कार्यभार संभालने के बाद से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सीएमओ पर लगे अनुशासनहीनता के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए टिकैत ने तर्क दिया कि अगर कोई व्यक्ति छुट्टी के दिन अपनी पत्नी से मिलने दूसरे जिले (बिजनौर) जाता है, तो इसे अपमानित करना या अनुशासनहीनता मानना बेहद निराशाजनक है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए पूछा कि यदि कोई बाबू अवकाश के दिन अपने गाँव जाकर माता-पिता की खेत में मदद करता है, तो क्या उसे अनुशासनहीनता कहेंगे? उन्होंने स्पष्ट किया कि एक अधिकारी का अपने अवकाश के दौरान परिवार से मिलना कोई अपराध नहीं है।
चाटुकारिता पर साधा निशाना-
भाकियू अध्यक्ष ने सिस्टम में व्याप्त खामियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आजकल अच्छे लोगों का जमाना नहीं रहा। सिस्टम में चाटुकार और मौकापरस्त लोगों को आंखों पर बैठाकर रखा जाता है, जबकि जो व्यक्ति जनभावना से अपने कार्य को प्राथमिकता देता है, उसे प्रताड़ित किया जाता है।” उन्होंने अपील की कि मुजफ्फरनगर की स्वास्थ्य सेवाओं को नए आयाम देने वाले डॉ. सुनील तेवतिया का मनोबल गिराना उचित नहीं है।










Discussion about this post