मुजफ्फरनगर। रविवार की शाम भोपा थाना क्षेत्र की निरगाजनी झाल पर गंगनहर में कूदकर जान देने का प्रयास करने वाले 24 वर्षीय युवक शिवा पुत्र वीरसिंह की तलाश में सोमवार को पीएसी (प्रादेशिक आर्म्ड कांस्टेबुलरी) की फ्लड सहायता टीम ने गहन सर्च अभियान चलाया। छपार थाना क्षेत्र के गांव तेजलहेडा निवासी शिवा शुगर मिल में मजदूरी करता था।
घटना का विवरण-
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम शिवा साइकिल से निरगाजनी झाल पहुँचा। वहाँ मौजूद एक बुजुर्ग को उसने अपनी साइकिल, मोबाइल और गले की चेन देते हुए कहा कि “इसे मेरे घर पहुँचा देना” और तुरंत ही गंगनहर में छलांग लगा दी। बुजुर्ग द्वारा मोबाइल के माध्यम से परिजनों को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पीएसी की टीम ने संभाला मोर्चा-
सोमवार को इस दुखद घटना के बाद, क्षेत्राधिकारी देववृत वाजपेयी और थाना प्रभारी जसवीर सिंह के नेतृत्व में 44वीं वाहिनी पीएसी मेरठ की एक विशेष टीम को मौके पर बुलाया गया। हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह के हमराह कांस्टेबल प्रदीप कुमार, सुमित कुमार, वासु चौधरी, दीपांशु चौधरी और मनजीत कुमार की टीम ने मोटरबोट की सहायता से गंगनहर में डूबे युवक शिवा की तलाश शुरू की।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल-
शिवा के नहर में गायब होने से उसके पिता वीरसिंह, पत्नी जयदेवी और तीन वर्षीय पुत्री अनन्या का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में भाई धनराज और रामशरण सहित सभी सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शिवा की शादी चार वर्ष पूर्व हरिद्वार के गांव भिक्कनपूर में हुई थी।
शिवा द्वारा गंगनहर में छलांग लगाने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, जिससे मामले में रहस्य बना हुआ है। पुलिस और पीएसी की टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई हैं।










Discussion about this post