नई दिल्ली : आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के चार सेमीफाइनलिस्ट तय हो गए हैं। न्यूजीलैंड, भारत, ऑस्ट्रेलिया के बाद अब दक्षिण अफ्रीकी टीम ने भी सेमीफाइनल में जगह बना ली है। दक्षिण अफ्रीका की एंट्री के साथ ही अफगानिस्तान की उम्मीदें खत्म हो गई हैं।
अगर इंग्लैंड दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बड़ी जीत हासिल करता तो अफगानिस्तान के पास मौका होता। लेकिन इंग्लिश टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में 179 रनों पर ढेर हो गई। हालांकि सेमीफाइनल मैच में कौन सी टीम किससे भिड़ेगी यह तो 2 मार्च (रविवार) को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच के बाद ही पता चलेगा।
भारत और न्यूजीलैंड की टीमें ग्रुप-ए से सेमीफाइनल में पहुंची थीं। वहीं, ग्रुप-बी से दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ने यह उपलब्धि हासिल की। आपको बता दें कि अफगानिस्तान की टीम सेमीफाइनल में तभी पहुंचती अगर इंग्लिश टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कम से कम 207 रनों से जीत जाती। ताकि दक्षिण अफ्रीका का नेट रन रेट अफगानिस्तान से कम हो जाए।
हालांकि, कराची के मैदान पर इंग्लिश बल्लेबाजों ने शर्मनाक प्रदर्शन किया और उनकी टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी। चैंपियंस ट्रॉफी में ग्रुप-ए की बात करें तो इसमें भारत, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और पाकिस्तान की टीमें हैं। न्यूजीलैंड की टीम दो मैचों में दो जीत के साथ इस ग्रुप में पहले नंबर पर है। कीवी टीम का नेट रन रेट 0.863 है।
वहीं, भारतीय टीम फिलहाल दो मैचों में दो जीत के साथ दूसरे नंबर पर है। भारत के 4 अंक हैं और उसका नेट रन रेट 0.647 है। हालांकि, दोनों में से कौन सी टीम नंबर-1 पर रहेगी इसका फैसला 2 मार्च को होगा। बांग्लादेश तीसरे जबकि पाकिस्तान चौथे स्थान पर है। दोनों टीमों के एक-एक अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण बांग्लादेश अंकतालिका में पाकिस्तान से आगे है।











Discussion about this post