मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में किसानों और मज़दूरों की समस्याओं को लेकर जल्द ही एक बड़ा आंदोलन शुरू होने जा रहा है। इसी सिलसिले में किसान मज़दूर मंच के अंतर्गत सक्रिय आठ संगठनों की एक अहम बैठक बाईपास स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में हुई। बैठक में ज़िले के प्रमुख मुद्दों और आम लोगों की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता किसान मजदूर मंच के अध्यक्ष अवनीत पंवार ने की। उन्होंने कहा कि जिले में भ्रष्टाचार, घूसखोरी, बिजली विभाग की लापरवाही और कोऑपरेटिव सोसायटी में यूरिया व डीएपी की किल्लत जैसे कई गंभीर मुद्दे हैं, जिनको लेकर किसान मजदूर मंच अब निर्णायक आंदोलन की ओर कदम बढ़ा चुका है।
अवनीत पंवार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य केवल भाषण देना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करना है।” उन्होंने बताया कि मंच के बैनर तले लगभग 22 संगठन जुड़े हुए हैं, जिनमें से फिलहाल आठ संगठन सक्रिय रूप से रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि किसान मजदूर मंच एक ऐसा साझा प्लेटफॉर्म है, जिस पर ईमानदार और मेहनती संगठन एकत्र होकर काम कर रहे हैं। मंच का उद्देश्य है कि किसी भी हिस्से में अगर मंच से जुड़ा कोई संगठन आवाज़ उठाता है या आंदोलन करता है और उसे किसी प्रकार की परेशानी होती है, तो पूरा मंच उसके समर्थन में खड़ा होगा।
अवनीत पंवार ने यह भी कहा कि यह मंच उसी तर्ज पर बनाया गया है जैसे ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ है। उन्होंने यह विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह मंच किसानों और मजदूरों की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।
बैठक में उपस्थित संगठनों ने एकमत से प्रस्ताव पास किया कि आने वाले दिनों में जनपद के विभिन्न इलाकों में जाकर जमीनी हकीकत को समझा जाएगा और फिर एक व्यापक आंदोलन की घोषणा की जाएगी। जिले के मुद्दों को लेकर जल्द ही किसान मजदूर मंच द्वारा बड़ा निर्णय लिया जाएगा।










Discussion about this post