मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा (MNREGA) का नाम बदलकर ‘विकसित भारत जी राम जी’ (VB-G RAM JI) करने के फैसले पर अब भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने भी कड़ा ऐतराज जताया है। शुक्रवार को मुजफ्फरनगर एसएसपी कार्यालय पहुंचे टिकैत ने इस बदलाव को महात्मा गांधी के अपमान से जोड़ते हुए सरकार को घेरा।
नरेश टिकैत के बयान की बड़ी बातें-
गांधी जी का नाम हटाना गलत: नरेश टिकैत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महात्मा गांधी के नाम पर चल रही योजना से उनका नाम हटाना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा, “गांधी जी का नाम इस योजना के साथ जुड़ा रहना चाहिए, इसे हटाकर सरकार क्या साबित करना चाहती है?”
योजना बंद न हो: उन्होंने आगे कहा कि योजना सरकार की है, वह उसमें सुधार कर सकती है, लेकिन जनहित की इस योजना को न तो बंद किया जाना चाहिए और न ही इसके मूल स्वरूप और नाम से छेड़छाड़ होनी चाहिए।
किसानों और मजदूरों में नाराजगी: टिकैत ने संकेत दिया कि इस फैसले से केवल राजनीतिक दल ही नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवेश के किसान और मजदूर भी आहत हैं।
विवाद की पृष्ठभूमि-
गौरतलब है कि मोदी सरकार ने मनरेगा का नाम बदलने के लिए लोकसभा में विधेयक पारित करा लिया है। विपक्ष इसे ‘गांधी विरोधी’ कदम बता रहा है, जबकि सरकार इसे विकसित भारत की ओर एक बड़ा कदम मान रही है। अब नरेश टिकैत के इस बयान ने इस विवाद को किसान संगठनों के बीच भी हवा दे दी है।










Discussion about this post