मुजफ्फरनगर। शिव चौक के पीछे पुरानी तहसील मार्केट में भारी बारिश ने बेसमेंट दुकानदारों के लिए भारी तबाही मचाई है। बरसात का पानी बेसमेंट में घुसने से जूता, कॉस्मेटिक, और कपड़ा दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दुकानों में भरे पानी में सामान तैरता नजर आया, और दुकानदार अपनी मेहनत की कमाई को बचाने की नाकाम कोशिश करते दिखे। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें दुकानदारों की बेबसी साफ झलक रही है।
दुकानदारों ने स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका पर जल निकासी की खराब व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी नालों की समय पर सफाई नहीं करते, जिसके कारण पानी रुककर दुकानों में भर जाता है। दुकानदारों ने बताया कि नगर पालिका टैक्स वसूली में तो सक्रिय रहती है, लेकिन दुकानों की स्थिति और जल निकासी की समस्या पर ध्यान नहीं देती।
पुरानी तहसील मार्केट में लगभग 40 दुकानें हैं, जिनमें जूते, कपड़े, और सुनारों की दुकानें शामिल हैं। पिछले तीन दिनों से दुकानदार पानी निकालने में जुटे हैं, लेकिन नुकसान का आंकलन लाखों में होने की बात सामने आ रही है। दुकानदारों ने प्रशासन से तत्काल राहत और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था की मांग की है।











Discussion about this post