मुज़फ़्फ़रनगर : जिले के जानसठ थाना क्षेत्र निवासी कार्तिक अहलावत (15) जानसठ रोड स्थित केंद्र पर परीक्षा देने जा रहा था। ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। कार्तिक की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर सिखैड़ा गंगनहर पुल पर पुलिस चौकी के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कक्षा 10 के छात्र कार्तिक की मौत हो गई। कार्तिक के चाचा अनुज और उसका भाई शिवम घायल हो गए। उनके चाचा दोनों भाइयों को परीक्षा दिलाने के लिए बस में बैठाने जा रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया।
जानसठ कोतवाली क्षेत्र के राठौर गांव निवासी अमित कुमार का पुत्र कार्तिक अहलावत (15) और नीरज का पुत्र शिवम अहलावत (16) सिखैड़ा के नंगला मुबारक गांव स्थित गोल्डन बेल्स पब्लिक स्कूल में कक्षा 10 के छात्र हैं। इनका परीक्षा केंद्र मुजफ्फरनगर के जानसठ रोड स्थित एसडी पब्लिक स्कूल है। शुक्रवार को दोनों की परीक्षा थी। इन्हें स्कूल बस से सेंटर पहुंचना था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे इनके चाचा अनुज (40) बाइक से अपने दोनों भतीजों को स्कूल बस में बैठाने के लिए गांव नंगला मुबारक जा रहे थे। जब ये तीनों सिखैड़ा गंगनहर पुल की पुलिस चौकी के पास पहुंचे तो सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। बाइक सवार तीनों घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और गोल्डन बेल्स पब्लिक स्कूल का स्टाफ मौके पर पहुंचा। स्कूल स्टाफ ने घायलों को अपनी गाड़ी से मुजफ्फरनगर अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में छात्र कार्तिक अहलावत की मौत हो गई। पुलिस और स्कूल स्टाफ ने घायल चाचा अनुज और भतीजे शिवम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
सिखैड़ा थाना पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक भाग गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। गांव राठौर निवासी अमित कुमार के परिवार में कार्तिक अहलावत इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन गुड़िया (7) है। इसके अलावा घायल छात्र शिवम भी परिवार का इकलौता बेटा है।











Discussion about this post