मुजफ्फरनगर। शहर के व्यस्त व्यापारिक इलाके दाल मंडी (पांच पीर जादगान) में बीती देर रात उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब एक खिलौना व्यापारी के पुश्तैनी मकान में भीषण आग लग गई। लगभग एक सदी पुराने इस मकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे घर में रखा लाखों का सामान राख के ढेर में तब्दील हो गया।
आधी रात को मची चीख-पुकार, सीढ़ी लगाकर बचा परिवार-
हादसा रात करीब 3:30 बजे हुआ जब पूरा परिवार गहरी नींद में था। पीड़ित व्यापारी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि एक जोरदार धमाके के साथ दरवाजा फटा और घर धुएं से भर गया। नीचे की मंजिल पर भयंकर लपटें देख मुख्य रास्ते से निकलना असंभव हो गया। जान बचाने के लिए परिजनों ने आनन-फानन में लकड़ी की सीढ़ी का सहारा लिया और पड़ोस की छत पर कूदकर अपनी जान बचाई।
लाखों का नुकसान, यादें हुईं राख-
इस अग्निकांड में घर का सारा घरेलू सामान—टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मोबाइल और कीमती कपड़े पूरी तरह जल गए। व्यापारी के अनुसार, हादसे में करीब 15 से 20 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे आसपास के घरों में फैलने से रोका।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने लिया जायजा-
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हरसंभव आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका-
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की मुस्तैदी और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि खिलौना व्यापारी का आशियाना पूरी तरह तबाह हो गया है।











Discussion about this post