मुजफ्फरनगर। समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों, शोषण और हिंसा को रोकने के संकल्प के साथ इनरव्हील क्लब ऑफ मुजफ्फरनगर सनराइज ने एक जोरदार जागरूकता रैली का आयोजन किया। गांधी कॉलोनी स्थित एसडी गर्ल्स इंटर कॉलेज के सहयोग से निकाली गई इस रैली में छात्राओं, शिक्षिकाओं और क्लब की सदस्याओं ने ‘महिला हिंसा बंद करो’ के नारों के साथ पूरे क्षेत्र को जागरूक किया।
रैली का उद्देश्य और संदेश-
रैली का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका और क्लब अध्यक्षा दीपा सोनी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। गांधी कॉलोनी के मुख्य मार्गों और चौराहों से गुजरी इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के साथ होने वाली बदसलूकी और उत्पीड़न के प्रति जनता को जागरूक करना था। इस दौरान छात्राओं ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर समाज से नारी सुरक्षा और सम्मान के लिए एकजुट होने की भावुक अपील की।
बदलाव की जरूरत पर जोर-
कॉलेज की शिक्षिकाओं ने संबोधन में कहा कि आधुनिक युग में भी महिलाओं को विभिन्न प्रकार के शोषण का सामना करना पड़ रहा है, जिसे रोकना अनिवार्य है। रैली के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया कि महिलाओं का सम्मान केवल घर तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के हर कोने में वे सुरक्षित महसूस करें।
ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित-
इस जागरूकता अभियान में क्लब अध्यक्षा दीपा सोनी के साथ मुख्य रूप से राना परवीन, बबली अहलावत, प्रियंका चौधरी, पूनम रानी, शिवानी अरोड़ा, चित्रा, गायत्री, कविता वर्मा, दीपिका शर्मा, पूनम जैन, ममता शर्मा, अंजली गर्ग, सविता त्यागी, रूबी, अंजू और रचना रावत सहित बड़ी संख्या में छात्राएं और शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्षा दीपा सोनी ने सभी का आभार व्यक्त किया।










Discussion about this post