कैराना। शामली जिले के कैराना थाना क्षेत्र के मामौर गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब खेत पर जा रहे एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक हरियाणा के पानीपत जिले के सनौली थाना क्षेत्र के कुराड़ गांव का रहने वाला था। घटना में दो अन्य व्यक्ति इस्लाम और सौभान घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र(50) मामौर के जंगल में 50 बीघा जमीन का मालिक था और 90 बीघा जमीन ठेके पर लेकर खेती कर रहा था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे जब वह अपने साथी के साथ खेत जा रहा था, तभी गांव के ही दूसरे समुदाय के दो सगे भाइयों से कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने पहले चाकू से हमला किया और फिर देवेंद्र को गोली मार दी। आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रामसेवक गौतम, अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, क्षेत्राधिकारी अमरदीप मौर्य और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन पानीपत अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हमले में घायल इस्लाम और सौभान को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो साल पूर्व कार खरीद को लेकर मृतक और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किया गया। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post