मुजफ्फरनगर। सहारनपुर मंडल में किसानों की बढ़ती समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक का प्रतिनिधिमंडल आज मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार से मिला। बैठक में मंडल के तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें उप गन्ना आयुक्त, सहकारी समिति के उप पंजीयक, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता, पशुपालन विभाग, एडीएम प्रशासन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
बैठक दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक चली, जिसमें किसानों की सभी प्रमुख समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने हर बिंदु पर गंभीरता से विचार कर त्वरित समाधान के निर्देश जारी किए।
बैठक में मौजूद प्रमुख पदाधिकारी-
राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक, प्रदेश उपाध्यक्ष जगपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष शेरपाल राणा, जिलाध्यक्ष शामली कालेन्द्र मलिक, जिलाध्यक्ष सहारनपुर सुदेशपाल सिंह, मंडल प्रभारी (युवा) कुशलवीर सिंह, जिलाध्यक्ष मुज़फ्फरनगर सुधीर पंवार, सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
किसानों की 12 प्रमुख समस्याओं पर रखा गया मांगपत्र-
बीकेयू अराजनैतिक के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त के समक्ष 12 महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख मुद्दे रहे—
रियल टाइम खतौनी में भारी त्रुटियों को दुरुस्त करने के लिए गांव-स्तर पर चौपाल लगाकर सुधार की मांग। तहसीलों में भ्रष्टाचार समाप्त करने व 5 वर्ष से अधिक तैनात लेखपालों के स्थानांतरण की मांग। चकबंदी से पीड़ित गांवों के मामलों के निस्तारण और नए गांवों में चकबंदी रोकने की मांग।गन्ना मिलों पर बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग।
किसानों को समय पर रसायनिक खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह। मंडल में नकली खाद, दवाओं, जिप्सम गोलियों की बिक्री पर सख्त रोक लगाने की मांग।आवारा पशुओं से किसानों की फसलों को बचाने हेतु प्रभावी व्यवस्था एवं गांव-स्तर पर पशु रजिस्टर बनाने का सुझाव। पशुओं में बढ़ती थनैला व बांझपन जैसी समस्याओं पर वेटनरी कॉलेज व विभागों को लक्ष्य आधारित कार्रवाई करने की मांग।सहकारी बैंकों से किसान क्रेडिट कार्ड सब्सिडी वापस दिलाने की मांग। नलकूपों की चोरी पर अंकुश लगाने की मांग।
मंडलायुक्त ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश-
प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को सुनने के बाद मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को तुरंत प्रभाव से कार्रवाई के आदेश दिए और आश्वस्त किया कि “किसानों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” संगठन ने जताया भरोसा बीकेयू अराजनैतिक के नेताओं ने उम्मीद जताई कि मंडल स्तर पर इस गंभीर पहल से किसानों की समस्याओं में बड़ी राहत मिलेगी।










Discussion about this post