वॉशिंगटन : पिता अपने बच्चों के हीरो होते हैं। ऐसी बातें आपने भी सुनी होंगी। लेकिन एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसमें पिता ने यह बात साबित कर दी है। अब इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। यह पिता और बेटी एक डिज्नी क्रूज पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान असावधानीवश पांच साल की बेटी समुद्र के पानी में गिर जाती है। इसके बाद पिता बिना सोचे-समझे पानी में छलांग लगा देता है। कुछ ही देर के बाद बेटी उसके हाथ में नजर आती है।
यह घटना डिज्नी ड्रीम नाम के शिप पर हुई। यह शिप बहमास से दक्षिण फ्लोरिडा जा रहा था। शिप पर सवार लोगों को मुताबिक यह काफी तेजी से चल रहा था। इसी दौरान खेलते हुए बच्ची अचानक से समुद्र में गिर पड़ी। पिता ने जैसे ही यह देखा उसने समुद्र में छलांग लगा दी। यह खबर फैलते ही वहां पर सभी लोग घबरा गए। शिप के कैप्टन ने इसे रोकने की तैयारी शुरू कर दी और जहाज को उस तरफ घुमाया जहां पिता अपनी बेटी को बचाने के लिए कूदा था। इसके बाद क्रू ने दोनों को समुद्र से बाहर निकालने तैयारी शुरू कर दी।
जहाज पर सवार लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पिता अपनी बेटी को हाथ में पकड़े हुए नजर आ रहा है। जब बचाव दल दोनों के पास पहुंचा तो उसने सबसे पहले अपनी बेटी को उन्हें सौंपा। यह सब देखकर वहां मौजूद लोग काफी खुश नजर आए। एक यात्री ने कहाकि जब बच्ची समुद्र में गिरी और उसके पिता बचाने के लिए कूदे तो उसकी मां जोर-जोर से रोने लगी। यह सब देखकर मैं बस भगवान से उनकी सलामती की प्रार्थना कर रहा था।
डिज्नी क्रूज लाइन ने एक बयान में अपनी टीम की प्रशंसा की। इसमें कहा गयाकि हम अपने क्रू सदस्यों की असाधारण क्षमताओं और त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशंसा करते हैं। इसने सुनिश्चित किया कि दोनों मेहमानों की सुरक्षित वापसी कुछ ही मिनटों में जहाज पर हो गई। कंपनी ने आगे कहाकि यह घटना उसकी सुरक्षा प्रोटोकॉल की मजबूती और उसकी टीम की पेशेवरिता को दर्शाती है। यह शिप बाद में एवरग्लेड्स पर रुका। कुछ यात्री अभी भी परेशान थे। वहीं, पिता और बेटी का नाम जारी नहीं किया गया है।











Discussion about this post