शामली। हरियाणा के पानीपत जिले के रोहित नाम के एक युवक को उत्तर प्रदेश के शामली जिले के मामौर के जंगल में पैर में गोली लग गई। घायल रोहित को उसके परिजनों ने तुरंत पानीपत के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे, रोहित अपनी कृषि भूमि पर धान की फसल कटवाने मामौर के जंगल में गया था, तभी कुछ बदमाशों ने उस पर फायर कर दिया। गोली पैर में लगने से रोहित घायल हो गया।
कोतवाली प्रभारी धमेन्द्र सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना उस दर्दनाक वाकये के बाद हुई है, जब 16 जून को मामौर जंगल में रोहित के पिता देवेंद्र देशवाल की चाकू और गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रोहित ने कैराना कोतवाली में 2 नामजद और 2 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं रोहित और उनके परिवार के लोग कुछ अन्य आरोपियों को भी हत्या के मामले में शामिल करने के लिए पुलिस के पास लगातार शिकायत कर रहे हैं।











Discussion about this post