शामली। सहारनपुर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक बृहस्पतिवार तड़के करीब 3 बजे थानाभवन स्थित चरथावल बस स्टैंड पर खड़ी पिकअप और दूध के कैंटर को टक्कर मारते हुए दुकानों में जा घुसा। तीनों दुकानों में लाखों का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि उस समय दुकानें बंद थीं और आसपास भी कोई नहीं था, वरना और बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के दौरान ट्रक ने पहले दूध के कैंटर और केला गोदाम पर केला उतारने आई पिकअप को जोरदार टक्कर मारी। फिर बेकाबू होकर सड़क किनारे नूर ट्रेडर्स, चांद ऑटो स्पेयर पार्ट्स, शफीर की खाद की दुकान में जा घुसा। इस टक्कर से दुकानों के शटर, काउंटर व अन्य सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
गनीमत रही कि घटना के वक्त सड़क पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि होने से बच गई। व्यापारियों ने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।











Discussion about this post