मेरठ। महानगर कांग्रेस कमेटी ने बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक के दौरान ‘वोट चोरी’ के खिलाफ जोरदार हुंकार भरी। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने की और संचालन सलीम पठान ने किया। बैठक में राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘वोट अधिकार आंदोलन’ को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
रंजन शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में हर वार्ड और मोहल्ले में रैलियां निकालकर लोगों को जागरूक किया जाएगा और वोट चोरी करने वालों को बेनकाब किया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाज़ी की —
“वोट चोरी बंद करो – वोट चोरों पर कार्यवाही करो” और “वोट चोर गद्दी छोड़ो” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
बैठक के बाद “वोट चोर गद्दी छोड़ो” लिखे पोस्टरों के साथ एक जोशीला मार्च निकाला गया। यह मार्च कांग्रेस कार्यालय से मंगल पांडे प्रतिमा तक गया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रास्ते भर “लोकतंत्र बचाओ – वोट चोर भगाओ” और “राहुल गांधी आगे बढ़ो – हम तुम्हारे साथ हैं” जैसे नारे लगते रहे।
बैठक में नगर निगम द्वारा GIS सर्वे के नाम पर गृहकर वसूली और जनता के साथ किए जा रहे छल पर कड़ी नाराज़गी जताई गई। नगर निगम अधिकारियों के ढुलमुल रवैये पर भी रोष व्यक्त किया गया।
बैठक में पदाधिकारियों को कार्यों का उत्तरदायित्व सौंपा गया और यह संकल्प लिया गया कि जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष और तेज़ किया जाएगा।
जाहिद अंसारी, हरिकिशन अंबेडकर, धूम सिंह गुर्जर, बाबू चमन सिंह, महेंद्र गुर्जर, सलीमुद्दीन शाह, अनिल अरोड़ा, राकेश मिश्रा, मतीन अंसारी, चौधरी सहमशुद्दीन, केडी शर्मा, तेजपाल डाबका, पीयूष रस्तोगी, बबली देवी, मंजू चौधरी, फर्याल गाजी, अनिल प्रेमी, हरिकिशन प्रजापति, सुएब साबरी, श्याम सिंह, सुशील शर्मा, चौधरी महरुद्दीन, बदर महमूद, प्रवीण कुमार, नरेश नेगी आदि।











Discussion about this post