शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में सोमवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शामली शहर कोतवाली क्षेत्र के वर्मा मार्केट के पास की है, जहां सड़क पर पलटे ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हामिद पुत्र हिसार निवासी कस्बा गंगोह, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। वह सोमवार को किसी निजी कार्य से ट्रैक्टर लेकर शामली आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब हामिद वर्मा मार्केट के पास पहुंचा, तो उसकी ट्रैक्टर की रफ्तार बहुत तेज थी। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे हामिद ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
घटना के बाद चीख-पुकार मच गई, और मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया तथा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।











Discussion about this post