मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। भंडूर पुलिस चौकी के पास स्थित सोनू हलवाई की दुकान में गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले ली। दुकान मालिक और आसपास के लोगों ने आग बुझाने की भरसक कोशिश की। लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
सोनू प्रजापति बेहड़ा अस्सा गांव का रहने वाला है। उसकी दुकान मुजफ्फरनगर-जौली रोड और बेहड़ा अस्सा गांव के रास्ते के कोने पर टेंट के नीचे थी। पहले वह रजवाहे के पास दुकान चलाता था। नए पुल के निर्माण के कारण वहां से दुकानें हटाई गईं। इसके बाद उसने यहां दुकान शुरू की थी।
हादसे के समय काम चल रहा था। अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई। लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, दुकान का सारा सामान जल चुका था।
इस हादसे में सोनू का सारा सामान, उपकरण और स्टॉक जलकर राख हो गया। इससे उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदार की आर्थिक मदद की मांग की है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।










Discussion about this post