चौसाना। शामली के झिंझाना थानाक्षेत्र के चौसाना कस्बे में बिजलीघर के पास स्थित डॉ. तैयब अली के केयर क्लीनिक में रविवार रात करीब 12 बजे भीषण आग लग गई। बिजली फिटिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने पूरे क्लीनिक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में क्लीनिक का लगभग तीस से पैंतीस लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
डॉ. तैयब अली ने बताया कि घटना के समय वे अपने घर पर सो रहे थे, जबकि क्लीनिक की ऊपरी मंजिल पर एक अन्य डॉक्टर और दो स्टाफ सदस्य सो रहे थे। अचानक आग लगने पर उनकी नींद खुली और नीचे देखा तो क्लीनिक धू-धू कर जल रहा था। उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी। इसके बाद छत पर जाकर उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टी व पाइपों की मदद से आग बुझाने लगे। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के एक घंटे बाद दमकल विभाग की टीम पहुंची। आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा क्लीनिक जल चुका था। डॉ. तैयब ने बताया कि क्लीनिक में रोज़ाना 10-15 मरीज एडमिट रहते हैं, लेकिन सौभाग्य से उस रात कोई मरीज मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। क्लीनिक में रखी जांच मशीनें, दवाइयाँ, मेडिकल उपकरण और अन्य जरूरी सामग्री सबकुछ जलकर राख हो गया। प्रशासन से मदद की मांग की गई है।











Discussion about this post