मुजफ्फरनगर। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में 80 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हो गए। इनमें से 44 करोड़ 85 लाख रुपए के निर्माण कार्य किए जाएंगे। दीपावली से पहले नगर वासियों को लंबे समय से कमी चल रही स्ट्रीट लाइटों की सौगात भी मिलने जा रही है। हालांकि, नगर पालिका द्वारा खरीदी गई स्ट्रीट लाइटों को ‘महंगी’ बताकर कुछ सभासदों ने सदन में हंगामा किया।
इसके साथ ही, कुछ सभासदों ने मुस्लिम सभासदों पर वंदे मातरम गीत के दौरान खड़े न होकर अपमान करने का आरोप लगाया, जिससे बैठक में गर्मागर्मी का माहौल रहा।
पालिका अध्यक्ष ने दी जानकारी-
नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि आज की बोर्ड बैठक में ₹80 करोड़ के विकास कार्यों के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इनमें 44 करोड़ 85 लाख रुपए के निर्माण कार्य किए जाएंगे। पेयजल की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। नगर क्षेत्र में 250 सड़कें बनने जा रही हैं। दीपावली से पहले हर वार्ड में लाइटों की सौगात दी गई है। स्ट्रीट लाइटों की खरीद पर उठे सवालों पर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि पहले लाइटों का टेंडर रद्द कर दिया गया था, इसलिए इस बार इमरजेंसी में लाइटें खरीदी गई हैं। उन्होंने साफ किया कि सभी काम नियमों के अनुसार किए जा रहे हैं। कुल मिलाकर, हंगामे के बीच भी बोर्ड बैठक में विकास कार्यों से जुड़े बड़े प्रस्तावों पर मुहर लग गई है।










Discussion about this post