नई दिल्ली : बसपा सुप्रीमो मायावती अपने सख्त तेवरों के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर अपने अचानक लिए गए फैसलों से लोगों को चौंकाती रही हैं और इस बार उन्होंने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। पहले मायावती ने आकाश आनंद को राष्ट्रीय समन्वयक के पद से मुक्त किया और फिर सोमवार को उन्हें पार्टी से निकाल दिया। उनके इस फैसले को पार्टी के अंदर चल रहे संकट से जोड़कर देखा जा रहा है।
पार्टी के आंतरिक सूत्रों का कहना है कि जब मायावती ने आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया तो उन्हें दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों का प्रभारी भी बनाया गया था। वह चुनाव की कमान संभाल रहे थे। अपने स्तर पर प्रत्याशियों के नाम तय किए जाने के दौरान वह प्रचार अभियान की कमान भी संभाल रहे थे। 2017 में मायावती ने आकाश आनंद के पिता आनंद कुमार को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था।
इसके बाद 2019 में आकाश आनंद को राष्ट्रीय समन्वयक बनाया गया। 2023 में उन्हें अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित किया गया। कुछ महीने तक तो सब कुछ ठीक चला, लेकिन लोकसभा चुनाव में आकाश आनंद के आक्रामक तेवर और पीएम मोदी पर सीधा हमला करने को मायावती ने सही नहीं माना।
उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई तो उन्हें पद से हटा दिया गया। जब उन्हें वापस लाया गया तो आकाश आनंद को सारे रुतबे मिल गए. लेकिन अब फिर बाजी पलट गई है. आकाश आनंद से सारे पद छीन लिए गए हैं और उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया है. इसकी वजह यह बताई जा रही है कि आकाश आनंद ने अपना अलग गुट बना लिया था. यह गुट मायावती के करीबी नेताओं को नजरअंदाज कर रहा था. यह एक ऐसा संकट था, जो बंगाल की सत्ताधारी पार्टी टीएमसी में अक्सर देखने को मिलता है.
ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के बीच कई बार तनाव देखने को मिला है. यही स्थिति बीएसपी में भी बन रही थी और इससे बचने के लिए उन्होंने भतीजे को बाहर का रास्ता दिखा दिया. उनकी जगह भाई आनंद कुमार को जिम्मेदारी दी गई है और यह भी साफ कर दिया गया है कि कोई उनका राजनीतिक वारिस नहीं होगा. इस तरह उन्होंने सत्ता के किसी दूसरे केंद्र के उभरने की संभावना को खत्म कर दिया है.
रामजी गौतम को भी राष्ट्रीय समन्वयक बनाया गया है, जो उनके बेहद करीबी माने जाते हैं. कुछ नेताओं का कहना है कि जब आकाश आनंद को कमान मिली तो रामजी गौतम को किनारे कर दिया गया. इसके अलावा मायावती के कई करीबी भी साइडलाइन कर दिए गए. ऐसे में मायावती ने अपने भतीजे को हटाना ही सही समझा ताकि कोई दूसरा गुट उभर न सके।
पहले से ही कमज़ोर बीएसपी में गुटबाज़ी उनके लिए चिंता का विषय रही होगी। आकाश आनंद पर भी फंड की हेराफेरी का आरोप है। मायावती ने उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकाल दिया था और अपने भतीजे को भी उनसे नज़दीकी रखने की सज़ा दी है। इस तरह मायावती ने यह संदेश भी दिया है कि उनके लिए सभी एक जैसे हैं। अगर कोई परिवार का है तो वह इस आधार पर किसी को छूट नहीं देंगी।











Discussion about this post