मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के भोपा रोड स्थित माया फर्टिलाइजर फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की टीम को फैक्ट्री का शटर तोड़ना पड़ा। इसके बाद ढाई घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। आग में लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
मनोज कुमार की भोपा रोड पर खेतों में दवाई छिड़कने वाली स्प्रे मशीन बनाने की माया फर्टीलाइजर फैक्टरी है। शुक्रवार को कांवड़ के कारण फैक्टरी बंद थी। दोपहर लगभग दो बजे शॉर्ट सर्किट से फैक्टरी में आग लग गई। राहगीरों ने फैक्टरी से धुंआं निकलते देखकर पुलिस व अग्निशमन विभाग टीम को सूचना दी। दोनों टीम मौके पर पहुंची। आसपास की फैक्टरी के संचालकों से सूचना पाकर फैक्टरी के मालिक मनोज कुमार भी मौके पर पहुंचे।
उधर, मौके पर पहुंंची अग्निशमन विभाग टीम को फैक्टरी के अंदर जाने का रास्ता नही मिल रहा था। जिस कारण टीम ने फैक्टरी के मुख्य गेट पर लगे शटर को काटा। इसी के साथ ही पास में ही दूसरी फैक्टरी की छत के माध्यम से अग्निशमन विभाग टीम फैक्टरी के अंदर पहुंची।
आग इतनी जबरदस्त लगी थी कि फैक्टरी का टीम शेड गिर गया था। बराबर की दीवार टूट गई थी। फैक्टरी के बाहरी हिस्से में लगी आग के कारण अग्निशमन विभाग टीम को फैक्टरी के अंदर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। किसी तरह टीम ने इस हिस्से में लगी आग को बुझाया और अंदर पहुंच कर फैक्टरी के गोदाम व मशीन से पहले बड़े हॉल में रखे माल में लगी आग को बुझाने की कार्रवाई की।
अग्निशमन विभाग टीम ने फैक्टरी में मशीनों तक आग को पहुंचने से पहले ही बुझा दिया। आग बुझाने में अग्निशमन विभाग टीम को ढ़ाई घंटा लगा। अग्निशमन विभाग टीम अधिकारियों से बताया कि मशीन व काफी सामान बचा लिया गया। फिर भी लाखों का नुकसान हुआ है।
अग्निशमन विभाग टीम फैक्टरी में आग लगने की सूचना पाकर तीन फायर टैंकर लेकर मौके पर पहुंची। आग इतने बड़े स्तर पर लगी कि अग्निशमन विभाग टीम आग पर तीन फायर टैंकरों से काबू नही पा सके। तब मीनू पेपर मिस से दो फायर टैंकर मंगाए गए।इसके बाद भी आग पर काबू पाने में काफी समय लग गया।
बताया गया कि फैक्टरी में लगी आग को बुझाने में सफलता न मिलने पर अग्निशमन विभाग टीम के कर्मचारियों ने फैक्टरी के बराबर में खाली पड़े प्लाॅट में फायर टैंकर खड़े कर वहां फैक्टरी की दीवार के ऊपर से आग पर पानी की बौछार की। फैक्टरी का शटर तोड़ कर टीम के कर्मचारी फैक्टरी में पहुंचे थे। आग बुझाने में फोम का भी प्रयोग करना पड़ा।
अग्निशमन विभाग टीम ने बताया कि फैक्टरी के अंदर माल में लगी आग को एक बार तो टीम ने बुझा दिया था। इसके बाद भी कुछ देर बाद आग फिर से लग गई थी। जिसे भारी मशक्कत के बाद बुझाया जा सका। आग बुझाने में दस गाड़ी पानी लगा। यह पानी आसपास की फैक्टरी से लिया गया।
फैक्टरी में भीषण आग लगी थी। जिसे ढ़ाई घंटे में बुझाया जा सका। हालांकि फैक्टरी मालिक ने नुकसान के बारे में कोई जानकारी नही दी है। फिर भी लाखों का नुकसान हुआ है। – अनुराग कुमार, सीएफओ










Discussion about this post