मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर खतौली क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने वाहन चोरी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश कर दिया। गुरुवार को चौकी भंगेला के पास बुढ़ाना अंडरपास पर एक स्प्लेंडर बाइक और एक एक्टिवा स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे में शामिल एक्टिवा स्कूटी दिल्ली से चोरी की गई थी, जिसे चला रहे दोनों युवक घायल अवस्था में अस्पताल से गिरफ्तार किए गए हैं।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची खतौली पुलिस ने सभी घायलों को मेरठ के फ्यूचर प्लस हॉस्पिटल में भर्ती कराया। मोटरसाइकिल पर सवार कृराजकुमार (18), विपिन (20) और अंजली (20) निवासी कनावनी, थाना वसुंधरा, जिला गाजियाबाद, दिल्ली से हरिद्वार होते हुए तुंगनाथ की ओर जा रहे थे। वहीं स्कूटी सवार दोनों युवक मुजफ्फरनगर की ओर से आ रहे थे।
इलाज के दौरान कृराजकुमार और विपिन की मौत हो गई, जबकि अंजली गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्कूटी दिल्ली के थाना फर्श बाजार, जिला शाहदरा से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में मुकदमा संख्या 19670/2025, धारा 305B बीएनएस के तहत दर्ज है।
थाना प्रभारी ब्रजेश शर्मा ने बताया कि हादसे में घायल स्कूटी सवार दोनों युवक शुरू में बयान देने की स्थिति में नहीं थे। उनके इलाज के दौरान स्कूटी का रिकॉर्ड खंगालने पर चोरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद दिल्ली पुलिस को सूचना देकर दोनों को हिरासत में ले लिया गया। उपचार के बाद खतौली पुलिस ने उन्हें दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
चौकी इंचार्ज मनोज कौशिक ने बताया कि प्रारंभ में मृतकों के कांवड़ यात्रा पर होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन परिजनों ने स्पष्ट किया कि तीनों युवक केवल उत्तराखंड घूमने निकले थे। हादसे से एक ओर जहां दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं वाहन चोरी की घटना का भी खुलासा हो गया।










Discussion about this post