मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना स्थित गांव हुसैनपुर कलां में एक 22 वर्षीय युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। युवक की पहचान अनस के रूप में हुई है, जिसे गंभीर रूप से झुलसी हुई हालत में प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता था अनस-
अनस बुढ़ाना में लुहसाना रोड पर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। उसके पिता विदेश में रहते हैं। बताया जा रहा है कि अनस पिछले कुछ दिनों से किसी कारणवश परेशान था, जिसके चलते उसने यह घातक कदम उठाया।
गंभीर हालत में दिल्ली रेफर-
यह घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुई। अनस ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। गंभीर हालत में अनस को पहले बुढ़ाना और फिर जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर ले जाया गया।
मुजफ्फरनगर के चिकित्सकों ने अनस की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल दिल्ली रेफर कर दिया। ग्राम प्रधान पति सरवर खान ने बताया कि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। हालांकि, बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने इस मामले में कोई सूचना मिलने से इनकार किया है और घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।










Discussion about this post