मुज़फ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव कम्हेड़ा निवासी एक युवक की पानीपत में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और युवक का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय मोहसिन पुत्र सिराजुद्दीन हरियाणा के सोनीपत में अलमारी और संदूक बनाने का काम करता था। शुक्रवार को वह अपने छोटे भाई मोनिस के साथ बाइक से सोनीपत जा रहा था। तभी रोहतक-पानीपत हाईवे पर इसराना थाना क्षेत्र के पास एक बोलेरो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहसिन को मृत घोषित कर दिया। मोनिस का इलाज जारी है।
मोहसिन का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में नम आंखों से उसका अंतिम संस्कार किया गया। मोहसिन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता सिराजुद्दीन ने बताया कि चार महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी। बेटे की मौत से माँ परवीना, बहनें मोहसिना, तनिषा और भाई मोइन, मोनिस और सोनिब समेत पूरा परिवार गमगीन है।










Discussion about this post