मुज़फ्फरनगर। कांवड़ यात्रा 2025 को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जिलेभर में सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और ध्वनि नियंत्रण को लेकर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने थाना पुरकाजी क्षेत्र में उत्तराखंड सीमा पर पहुंचकर कांवड़ यात्रा में शामिल होने आ रहे डीजे वाहनों की गहन जांच की।
जांच के दौरान डीजे संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों की जानकारी दी गई, जिसमें अधिकतम ऊंचाई 10 फुट और चौड़ाई 12 फुट तय की गई है। जो वाहन इन मानकों से बड़े पाए गए, उन्हें मौके पर ही कटवाकर निर्धारित आकार में परिवर्तित कराया गया। साथ ही डीजे की ध्वनि सीमा 75 डेसिबल से अधिक न रखने की सख्त हिदायत दी गई।
एसपी सिटी प्रजापत ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर डीजे वाहन जब्त भी किए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत निगरानी की जा रही है और नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक नगर ने आमजन और डीजे संचालकों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान शांति, अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को पूरी तरह से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है, जो समाज के सहयोग से ही संभव हो सकेगा।










Discussion about this post