शामली। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार में 11वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 की थीम “Yog for One Earth One Health” के अन्तर्गत सफल तैयारियों हेतु बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में अधिकारियों को अवगत कराया गया कि 15 जून से 20 जून 2025 तक योग सप्ताह तथा 21 जून 2025 को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने जिले के सभी विभागों को साप्ताहिक योग कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने के निर्देश दिए।
उद्घाटन समारोह के लिए हनुमान टीला धाम का चयन किया गया है। कार्यक्रम ग्राम सभाओं, ब्लॉक, तहसील, जिला और सभी कार्यालयों में आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, जनपद के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर भी योग कार्यक्रम होंगे।
योग सप्ताह के अंतर्गत सभी गतिविधियों की फोटो आयुष कवच ऐप, https://iyd2025.com, और MyGov.in पर अपलोड की जाएंगी। एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, और अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
21 जून को मुख्य कार्यक्रम राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज या वीवी इंटर कॉलेज में से किसी एक स्थान पर आयोजित होगा, जिसके लिए निर्णय मुख्य विकास अधिकारी द्वारा लिया जाएगा। सभी कार्यक्रम शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित होंगे।
इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, जिला विकास अधिकारी, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. विधु शेखर, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, योग संस्थाएं और योग प्रशिक्षक शामिल रहे।










Discussion about this post