मोरना। काकरौली थाना क्षेत्र के गांव तेवड़ा में उधारी को लेकर दुकानदार और ग्राहक के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव तेवड़ा निवासी दुकानदार हरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी किराना की दुकान है, और गांव का ही एक युवक उस पर कुछ रुपए उधार था। मंगलवार को वह युवक दुकान पर सामान लेने आया, तो हरेंद्र ने उधारी चुकाने को कहा। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। हरेंद्र का आरोप है कि कुछ देर बाद युवक करीब आधा दर्जन लोगों के साथ दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में हरेंद्र के अलावा उसका पुत्र व दो अन्य युवक भी घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू की। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि हरेंद्र अपनी दुकान पर अवैध रूप से पेट्रोल बेचता है। मंगलवार को पेट्रोल कम दिए जाने को लेकर विवाद हुआ था, जो बाद में बढ़ गया।
थाना पुलिस के अनुसार, हरेंद्र की तहरीर पर शाहवेज, साजिद, गुलसनव्वर, साकिब और तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।










Discussion about this post