सहारनपुर। जिले के बड़गांव क्षेत्र के बालू माजरा गांव में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में चोरों ने एक ही रात में सात किसानों के ट्यूबवेल से स्टार्टर, केबल और ऑपरेटर समेत महंगे विद्युत उपकरण चुरा लिए।
पीड़ित किसानों में पूर्व प्रधान कर्ण सिंह राणा, राकेश, सतपाल, धीर सिंह, प्रवीण, मोहित, बाबूराम और धर्मवीर शामिल हैं। इन सभी ने बताया कि चोरों द्वारा की गई यह चोरी किसानों की आजीविका पर सीधा हमला है, क्योंकि सिंचाई के लिए जरूरी उपकरणों की कमी से खेती प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कृषि उपकरणों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ ही दिन पहले लुकादड़ी और भटपुरा गांव के करीब 10 किसानों के नलकूपों से भी सामान चोरी हुआ था। इसके बाद महेशपुर स्थित मां जगदंबा मंदिर से इन्वर्टर की दो बैटरियां भी चोरी कर ली गईं।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, बार-बार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी और चिंता बढ़ रही है।










Discussion about this post