मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बुढ़ाना कस्बे में पुलिस प्रशासन द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रवासियों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल करना तथा स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाने का संदेश देना था।
इस भव्य तिरंगा यात्रा में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एसपी देहात, क्षेत्राधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व जवान शामिल रहे। पुलिस कर्मियों ने हाथों में तिरंगा लेकर कस्बे के मुख्य मार्गों से मार्च निकाला। यात्रा के दौरान आमजन ने पुष्पवर्षा कर पुलिस टीम का स्वागत किया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि“हम सभी इस राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और उल्लास के साथ मना रहे हैं। जनपद में जगह-जगह इस प्रकार के देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित हो।”
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “स्वतंत्रता दिवस एक राष्ट्रीय महापर्व है और इसे लेकर पुलिस विभाग पूरी तरह से सजग और उत्साहित है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से हमने देशप्रेम का संदेश दिया है। जिले में जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। होटलों, धर्मशालाओं में सत्यापन व रात्रिकालीन सीलिंग की कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।”
इस अवसर पर जिले की सभी पुलिस चौकियों और थानों को तिरंगे की थीम पर लाइटिंग और सजावट से आकर्षक रूप दिया गया है, जो लोगों को देशभक्ति का संदेश दे रहा है।









Discussion about this post