शामली। सच्चे प्रेम और आस्था की मिसाल पेश करते हुए हरियाणा के पानीपत जनपद के एक नवविवाहित दंपति ने अपने विवाह की मन्नत पूरी होने पर भगवान भोलेनाथ को धन्यवाद देने के लिए 101 लीटर पवित्र गंगाजल की कांवड़ उठाई है। सावन के पावन माह में यह जोड़ा हरिद्वार से पैदल यात्रा कर अपने गांव इसराना में भोलेनाथ का जलाभिषेक करेगा।
हरियाणा के पानीपत जिले के इसराना गांव निवासी अजय और दीपा पिछले तीन वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। लेकिन दोनों के परिवार शादी के लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में दोनों ने भगवान शिव से मन्नत मांगी कि यदि उनका विवाह हो गया तो वे 101 लीटर गंगाजल की कांवड़ लाकर जलाभिषेक करेंगे।
यह मन्नत तब पूरी हुई जब 7 अक्टूबर 2024 को दोनों का विवाह हो गया। अब, विवाह के बाद आए पहले सावन महीने में यह नवविवाहित दंपति हरिद्वार से 101 लीटर गंगाजल की कांवड़ लेकर निकल पड़ा है। शनिवार को यह जोड़ा शामली जनपद से होकर गुज़रा और अब हरियाणा बॉर्डर होते हुए अपने गांव इसराना की ओर अग्रसर है।
गंगाजल से भरी भारी-भरकम कांवड़ को कंधे पर उठाए अजय और दीपा ने कहा, “शादी हमारे लिए सपना थी और भोलेनाथ ने हमें आशीर्वाद देकर वह सपना पूरा कर दिया। अब हम वही गंगाजल अपने गांव के शिव मंदिर में अर्पण करेंगे।”
सावन के इस पवित्र महीने में यह नवविवाहित जोड़ा एक मिसाल बनकर उभरा है, जिसमें प्रेम, श्रद्धा और विश्वास का त्रिवेणी संगम देखा जा सकता है। उनके इस संकल्प और आस्था ने राह चलते श्रद्धालुओं और राहगीरों को भी प्रेरित किया।











Discussion about this post