नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने पिछले कुछ दिनों में बड़े पैमाने पर हुई उड़ान देरी और रद्दीकरण के कारण यात्रियों को हुई भारी परेशानी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। यह माफी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा क्रू के साप्ताहिक विश्राम से जुड़े सख्त निर्देशों को वापस लिए जाने के बाद आई है, जिसके कारण एयरलाइन के संचालन में बाधा आ रही थी।
कंपनी ने एक बयान में कहा, “हम जानते हैं कि बीते कुछ दिन आप लोगों के लिए मुश्किल भरे रहे। हालांकि यह परेशानी रातों-रात खत्म नहीं होगी, लेकिन हम आश्वासन देते हैं कि जल्द से जल्द सभी चीजें अपनी सामान्य स्थिति में आ जाएंगी।”
आज सर्वाधिक उड़ानें रद्द, शनिवार से सुधार का दावा-
एयरलाइन ने बताया कि शेड्यूल और सिस्टम को ‘रीबूट’ करने के लिए शुक्रवार को सर्वाधिक उड़ानें रद्द की गईं, ताकि शनिवार से परिचालन में सुधार शुरू हो सके। इंडिगो नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA के साथ समन्वय में काम कर रही है, ताकि शॉर्ट-टर्म कैंसिलेशन के जरिए एयरपोर्ट पर भीड़ कम की जा सके और संचालन सुचारु बनाया जा सके।
यात्रियों के लिए बड़ी राहत की घोषणाएं-
इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं:
पूरा रिफंड: रद्द हुई उड़ानों का किराया स्वचालित रूप से यात्रियों के मूल पेमेंट मोड में वापस (रिफंड) किया जाएगा।
मुफ्त री-शेड्यूलिंग: 5 दिसंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच की बुकिंग पर कैंसिलेशन और री-शेड्यूलिंग पूरी तरह से मुफ्त होगी।
अन्य सुविधाएं: कंपनी ने विभिन्न शहरों में हजारों होटल कमरे और सतही परिवहन (ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन) की व्यवस्था करने का दावा किया है। हवाई अड्डों पर फूड-स्नैक्स और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाउंज सुविधा भी उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।
एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति वेबसाइट पर जांच लें और रद्द हुई उड़ानों के बावजूद हवाई अड्डे न पहुंचें। तकनीकी सहायता के लिए, कॉल सेंटर की क्षमता बढ़ाई गई है और एआई असिस्टेंट ‘6Eskai’ रिफंड और रीबुकिंग में मदद करेगा।
कंपनी ने ग्राहकों का भरोसा वापस पाने के लिए हर कदम उठाने का संकल्प लिया है और संचालन में क्रमिक सुधार का आश्वासन दिया है।











Discussion about this post