मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में 21 अगस्त से 8 सितम्बर तक प्रस्तावित अग्निवीर सेना भर्ती को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। इस भर्ती रैली में 13 जिलों के करीब 17 हजार युवा शामिल होंगे। भर्ती को सकुशल सम्पन्न कराने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सेना अधिकारियों के साथ बुधवार को भर्ती स्थलों का निरीक्षण किया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा और कर्नल सत्यजीत बेबले ने नुमाइश ग्राउंड और चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम का दौरा कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, एएसपी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा, क्षेत्राधिकारी (प्रशिक्षु) मनोज कुमार, थाना प्रभारी सिविल लाइन आशुतोष सिंह समेत सेना और पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों की भीड़ और व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सुरक्षा में 10 सीओ, 35 निरीक्षक, 65 दरोगा और लगभग 500 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। रोडवेज व रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। शहर के सभी प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा रात में भी पुलिस गश्त बढ़ा दी जाएगी ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा के साथ सेना अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों के लिए यातायात, प्रवेश, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
अग्निवीर सेना भर्ती के लिए 13 जिलों को अलग-अलग दिनों में बुलाया गया है।
तिथि भर्ती श्रेणी जिले (Districts)
22 अगस्त General Duty गौतमबुद्धनगर, शामली
23–24 अगस्त General Duty बिजनौर, बागपत
25–27 अगस्त General Duty सहारनपुर, बुलंदशहर
29–30 अगस्त General Duty अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद
31 अगस्त–1 सितम्बर General Duty हापुड़, मेरठ
2 सितम्बर General Duty मुजफ्फरनगर
3 सितम्बर Technical सभी 13 जिले
4 सितम्बर Tradesman + Technical सभी 13 जिले
5 सितम्बर Clerk / SKT सभी 13 जिले
इस शेड्यूल के अनुसार प्रतिदिन संबंधित जिलों के अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में बुलाया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि भर्ती को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए हर स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक, सभी पहलुओं की समीक्षा कर उन्हें लागू किया जा रहा है। सेना और पुलिस प्रशासन की संयुक्त देखरेख में यह भर्ती सम्पन्न होगी।










Discussion about this post