शामली। विकास भवन में आयोजित किसान दिवस में डीएम के न पहुंचने पर किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने जमकर हंगामा किया। उन्होने किसान दिवस में की जाने वाली शिकायतों का निस्तारण न करने का आरोप लगाया। साथ ही अधिकारियों न पहुंचने पर किसान संगठनों ने किसान दिवस का बहिष्कार कर दिया। किसान दिवस में पहुंचे प्रभारी जिलाधिकारी, एडीएम ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान चले गए।
बुधवार को विकास भवन के सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी सवेरे 11 बजे पहुंचे गए थे।उप कृषि निदेशक प्रमोद कुमार ने पिछली बैठक में प्राप्त समस्याओं के समाधान की जानकारी दी। जिसके बाद भाकियू टिकैत व भाकिय अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने किसान दिवस में डीएम को बुलाने की मांग की तो अधिकारियों ने डीएम के छुटटी पर होने की जानकारी दी, लेकिन किसान संगठनों के नेता भड़क गए और उन्होने कहा कि किसान दिवस अधिकारियों ने मजाक बनाकर रख दिया है। यदि डीएम को बाहर जाना था तो किसान दिवस आगे पीछे किया जा सकता है।
उन्होने अन्य अधिकारियों विद्युत विभाग, शुगर मिल अधिकारियों के न पहुंचने पर भी नाराजगी व्यक्त की। कहा कि किसान दिवस में जो किसान दिवस में शिकायते की जाती है उनका कोई निस्तारण नही हो पाता है। किसान आवारा पशु, बिजली, गन्ना भुगतान, टंकी, नलकूप, सड़क आदि की समस्याओं से जूझ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के रास्ते खराब है, लेकिन सिर्फ कागजों में उन समस्या का समाधान दर्शाया जाता है, जबकि धरातल पर कुछ नही है। भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान ने ग्रामीण क्षेत्रों में लग रही टंकियों की समस्याओं को उठाया। भाकियू जिलाध्यक्ष सांता प्रधान ने कहा कि जब किसान दिवस में अधिकारी नही है तो किसान दिवस का बहिष्कार किया जाता है। जिसके बाद भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष कालेन्द्र मलिक ने समर्थन किया और किसान दिवस का बहिष्कार कर दिया।
जिसके बाद सभी किसान संगठन एक राय होकर किसान दिवस को छोड़कर चले गए। इस दौरान जिलाधिकारी प्रभारी एडीएम सत्येन्द्र सिंह ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। बताया कि डीएम अवकाश पर है और उनके पास ही जिलाधिकारी का चार्ज है, लेकिन किसान नही माने और चले गए। इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुशवाह, जिला उद्यान अधिकारी सत्येंद्र मान, किसान नेता कुलदीप पंवार, मोहित शर्मा, अजीत निर्वाल, प्रेमपाल सिंह, पंकज मलिक कुडाना, हरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।










Discussion about this post