जम्मू : जैसे ही कोई विमान चिनाब घाटी के पास पहुंचता है, पायलट की आवाज केबिन में गूंजती है: ‘आपके नीचे दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे-आर्च ब्रिज, चिनाब ब्रिज है।” जैसे ही यै ऐलान होता है, यात्री खिड़कियों की ओर दौड़ पड़ते हैं और अपने मोबाइल फोन पर इस ऐतिहासिक चमत्कार का वीडियो रिकॉर्ड करना और तस्वीरें लेना शुरू कर देते हैं। केबिन में गर्व की लहर दौड़ जाती है- यात्री ताली बजाते हैं, मुस्कुराते हैं और भारतीय इंजीनियरिंग की प्रतिभा के कायल हो जाते हैं।
रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने रविवार को कहा कि चिनाब ब्रिज हर तरफ से तारीफें बटोर रहा है, जहां गर्व धरती से उठता है और बादलों के माध्यम से गूंजता है। उन्होंने कहा कि इन दिनों, जम्मू-कश्मीर की राजसी घाटियों से गुजरने वाली हर उड़ान वास्तव में एक विशेष पल का गवाह बन रही है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आस-पास के गांवों और पहाड़ी क्षेत्रों के स्थानीय लोग अलग-अलग जगहों से पुल की तस्वीरें लेते और वीडियो रिकॉर्ड करते देखे जा सकते हैं। एक अधिकारी ने कहा, कुछ लोग इस पल का लाइव-स्ट्रीमिंग कर रहे हैं, जबकि अन्य इसे इंस्टाग्राम और फेसबुक पर तुरंत साझा कर रहे हैं।
कुमार के अनुसार, आसमान में उड़ानें चिनाब ब्रिज की देखने वाली गैलरी बन गई हैं, जमीन पर लोग इस हैरतअंगेज निर्माण को कैप्चर करने में व्यस्त हैं, जो भविष्य की पीढ़ियों के साथ साझा करने के लिए इतिहास का एक हिस्सा बन गया है। यह एक ऐतिहासिक क्षण है जब भारत ने इंजीनियरिंग की जीत की पटकथा लिखने के लिए हिमालय को चीर दिया।
महत्वाकांक्षी उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (USBRL) परियोजना का हिस्सा, चिनाब ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे-आर्च ब्रिज है। नदी तल से 359 मीटर ऊपर, यह सलाल बांध के पास चिनाब नदी पर बना है और इसकी कुल लंबाई 1,315 मीटर है।
इसका मुख्य स्टील आर्क अकेले 467 मीटर लंबा है और इसे 266 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा की गति को झेलने के लिए बनाया गया है। यह एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा है और कुतुब मीनार से लगभग पांच गुना ऊंचा है।
इसे बनाने में 28,000 मीट्रिक टन स्टील का इस्तेमाल किया गया है। अपने इतिहास में पहली बार, भारतीय रेलवे ने 915 मीटर चौड़ी खाई को पाटने के लिए अत्याधुनिक केबल-क्रेन प्रणाली का इस्तेमाल किया, जिसमें दो विशाल केबल कार और 100 मीटर से अधिक ऊंचे खंभे शामिल थे।











Discussion about this post