मुजफ्फरनगर। जनपद में असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडी पुलिस ने देर शाम पचेंडा पुलिया के पास स्थित शिवा टूरिस्ट ढाबे पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने कई युवक-युवतियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
लंबे समय से मिल रही थी शिकायत-
पुलिस को लंबे समय से इस ढाबे के पीछे अवैध और संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर मंडी पुलिस की एक टीम ने घेराबंदी कर अचानक छापेमारी की।
पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ जारी-
छापेमारी के बाद पुलिस ने मौके से कई युवक-युवतियों को पकड़ा और उन्हें थाने ले जाया गया। मंडी पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए लोगों की पहचान की जा रही है और उनसे वहां आने के मकसद के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि उनके परिजनों को भी इसकी सूचना दी जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई का ऐलान-
पुलिस ने साफ किया है कि अगर किसी भी प्रकार की अवैध या गैरकानूनी गतिविधि की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक और अवैध गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे स्थानों पर आगे भी छापेमारी जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों ने की पुलिस की सराहना-
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से ढाबे के पीछे कुछ युवक-युवतियों का आना-जाना बढ़ गया था, जिसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी थी। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post