लखनऊ: यूपी में चिलचिलाती धूप और तपिश के साथ अप्रैल की शुरुआत हुई। मौसम विभाग के अनुसार इस सीजन में बारिश सामान्य से कम होगी। वहीं हीटवेव वाले दिनों में बढ़ोतरी होगी।
उत्तर प्रदेश में अप्रैल की शुरुआत चिलचिलाती धूप और गर्मी के साथ हुई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस साल गर्मियों के सीजन में अप्रैल से जून के बीच पिछले वर्षों के मुकाबले अधिक तापमान और लू (हीटवेव) वाले दिनों की संख्या में बढ़ोतरी आएगी।
प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मंगलवार को दिन चढ़ने के साथ ही लोगों को चिलचिलाती धूप से दो-चार होना पड़ा। दोपहर तक धूप की तपिश से लोग बेचैन दिखे। राजधानी लखनऊ समेत प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, झांसी, आगरा जैसे इलाकों में दिन के तापमान में डेढ़ से दो डिग्री तक का इजाफा देखने को मिला।
मौसम विभाग ने साल 1993 से लेकर 2016 तक के अप्रैल से जून में पड़ने वाले लू के दिनों का आंकड़ा पेश किया है। विश्लेषण में यह बात सामने आई कि इस बार गर्मियों के सीजन अप्रैल से जून के बीच में लू के दिनों की संख्या में सामान्य से 6 से 7 दोनों का इजाफा देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि इस साल अप्रैल से जून के बीच में लू का ज्यादा असर विशेषतौर पर दक्षिणी और विंध्य रीजन समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में दिखेगा।
सोनभद्र,मिर्जापुर, विंध्य क्षेत्र, प्रयागराज, बुंदेलखंड और तराई समेत अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। वहीं रातें भी पिछले वर्षों की अपेक्षा गर्म होंगी। इस साल अप्रैल से जून के बीच बारिश भी सामान्य से कम होगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के त्रिभुज कुमार सिंह का कहना है कि इस बार ला-नीनो परिस्थितियां तटस्थ स्थिति की ओर शिफ्ट हो रही हैं। बारिश भी कम होगी। इसलिए इस बार गर्मियों के सीजन में तापमान के गिरावट की वजहें नहीं हैं। अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।










Discussion about this post